मंतसा इकबाल ने रचा इतिहास, नेशनल कैरम रैंकिंग में बनीं इंडिया नंबर-2

इटली वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में बनाई जगह, जीशान मिर्जा भी क्वालीफाई वाराणसी,  दिल्ली के हरकिशन सिंह सुरजीत भवन में ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वाराणसी की मंतसा इकबाल ने महिला वर्ग में उपविजेता रहते हुए नेशनल रैंकिंग में इंडिया नंबर-2 का स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। साथ ही उन्होंने अगले माह इटली में होने वाले दसवें वर्ल्ड कप कैरम के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया मंतसा इकबाल ने क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल की काजल सिंह को 22-18, 1-8 से तथा सेमीफाइनल में रिजर्व बैंक की अंकिता हरति को 21-20, 25-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका मुकाबला सात बार की विश्व चैंपियन रश्मि कुमारी से हुआ, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता रहीं। इसके बावजूद पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय रैंकिंग में इंडिया नंबर-2 के मुकाम तक पहुंचा दिया। उत्तर प्रदेश की किसी महिला कैरम खिलाड़ी का इससे पहले नेशनल रैंकिंग में इस स्थान तक पहुंचना नहीं हुआ था वहीं पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश की ओर से खेल रहे मुजफ्फरनगर के जीशान मिर्जा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व विश्व कप चैंपियन संदीप दिवे को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि क्वार्टर फाइनल में ओडिशा के गौतम कुमार भोल से 25-0, 0-25, 0-25 से पराजित हुए। अंतिम आठ में स्थान बनाने के कारण जीशान ने भी इटली में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई इस तरह मंतसा इकबाल और जीशान मिर्जा पहली बार इटली वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों का एक साथ वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयन प्रदेश के कैरम जगत के लिए गौरव की बात है दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के प्रधान संरक्षक एवं नेशनल फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अशोक कुमार सिंह, अध्यक्ष एवं नेशनल फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट बैजनाथ सिंह, सेक्रेटरी एडवोकेट सिराजुद्दीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार रणवीर सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष विजय शंकर मेहता, दिनेश गुप्ता, डॉ. अंशु सिंह, अनीस अहमद, सहायक सचिव अशोक कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पंकज सिंघारिया, डॉ. प्रवीण कुमार, हरपाल सिंह कलसी, अश्विनी चक्रवाल, रवि आर्या, आनंद शुक्ला, मंजर खान, भूपेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कुमार पांडे, सुमन गिनोडिया, रेणुका राय सहित वाराणसी के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।