भाजपा महानगर पदाधिकारियों की कार्यशाला सम्पन्न।

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की कार्यशाला टिफिन बैठक के साथ सम्पन्न हुई। कार्यशाला में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, जनकल्याण एवं विकास के रहे हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महानगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित करनी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण वाराणसी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक पौधा लगाया जाएगा तथा उसकी देखभाल भी की जाएगी। 8 से 14 जून तक मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान एवं प्रगति पथ यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही बुद्धिजीवियों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाकर प्रत्येक जनप्रतिनिधि कम से कम 50 लोगों से व्यक्तिगत संपर्क करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 जून को वाराणसी के प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम आयोजित होगा। 14, 15 एवं 16 जून को स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें नवजात लाभार्थियों एवं आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे। 17 से 20 जून तक जिला स्तर पर विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सभी मंडलों में प्रशिक्षित योग गुरुओं के निर्देशन में मनाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष द्वारा विभिन्न अभियानों के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गईं। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की जिम्मेदारी अशोक यादव को, विशेष जनसंपर्क अभियान की जिम्मेदारी अभिषेक मिश्रा, मधुकर चित्रांश एवं आलोक श्रीवास्तव को सौंपी गई। जनकल्याण शिविर एवं प्रदर्शनी के लिए चंद्रशेखर उपाध्याय एवं साधना वेदांती, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के लिए अशोक जाटव, विश्व योग दिवस के लिए राहुल सिंह तथा 14 जून की प्रेस वार्ता के लिए अशोक पाण्डेय एवं प्रमील पाण्डेय को जिम्मेदारी दी गई। अभियान का संयोजक आत्मा विश्वेश्वर एवं सहसंयोजक मधुप सिंह तथा पंकज चतुर्वेदी को बनाया गया।

कार्यक्रम का संचालन आत्मा विश्वेश्वर एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश नवीन कपूर ने किया। कार्यशाला की विशेषता यह रही कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने घरों से टिफिन लेकर पहुंचे और सामूहिक रूप से भोजन किया।

कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, रचना अग्रवाल, कुसुम सिंह पटेल, प्रीति सिंह, अशोक पटेल, अनुपम गुप्ता, विवेक पांडे, अतुल सिंह, दिलीप चौहान, मनोज सोनकर, तारकेश्वर गुप्ता, बंटी, बबलू सेठ, सोभनाथ यादव, अनुराग शर्मा, कुशाग्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।