वाराणसी, संवाददाता: सामाजिक संस्था खुशी की उड़ान के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस स्थित सेमिनार कॉम्प्लेक्स में आयोजित सम्मान समारोह में काशी की उदीयमान गायिका विदुषी वर्मा को ‘खुशी राष्ट्र प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें श्रीकुल पीठाधीश्वर डॉ. सचिंद्र नाथ महाराज तथा राव आईएएस कोचिंग के निदेशक अजीत श्रीवास्तव के हाथों प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में विदुषी वर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर सभागार में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और अपनी गायन प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
विदित हो कि विदुषी वर्मा जौनपुर जनपद के त्रिलोचन महादेव बाजार की निवासी हैं। उनकी संगीत प्रतिभा को देखते हुए उन्हें भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा छात्रवृत्ति भी प्रदान की जा रही है। वर्तमान में वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंच कला संकाय की छात्रा हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद विदुषी वर्मा ने संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सारिका दुबे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें इस सम्मान के योग्य समझा, जिसके लिए वह सदैव आभारी रहेंगी।