मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश /मुरादाबाद शहर के एक पुराने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से उठती ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयंकर थी कि गोदाम से निकल रहा धुआं और लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।