आईसीएआई वाराणसी शाखा ने धूमधाम से मनाया 78वां चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस

वाराणसी। आईसीएआई की वाराणसी शाखा ने 78वें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं जागरूकता पदयात्रा से हुई। शाम को होटल वर्टेक्स में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के परिवारजनों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

शाखा अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की आर्थिक प्रगति और सुशासन के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इस अवसर पर प्रोफेशन में 15 वर्ष पूर्ण करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सम्मानित किया गया। शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों, प्रायोजकों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लगभग 500 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।