वाराणसी, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हिन्दू युवा वाहिनी वाराणसी एवं त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर (गोरख टीला) में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के अंतिम दिन बड़ी संख्या में योग साधकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूज्य महंत जगतगुरु बालकदेवाचार्य जी महाराज (पातालपुरी) तथा महंत योगी रामनाथ जी महाराज (गोरखनाथ मंदिर, मैदागिन) एवं विशिष्ट अतिथि मद्यनिषेध विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी राकेश रोशन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम संयोजक एवं हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता ‘विक्की’ ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को जोड़ने वाला प्राचीन विज्ञान है। यह जीवन जीने की ऐसी कला है, जो व्यक्ति को तनाव से मुक्ति दिलाकर आंतरिक शांति प्रदान करती है।
योग गुरु विनोद जी एवं अखिलेश जी ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ, सुखी एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया। कार्यक्रम में रुद्र पांडेय, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, नीतीश सिंह, गप्पू सिंह, उमेश सिंह, अमन अग्रहरी, सागर सेठ, गणेश वर्मा, आशीष विश्वकर्मा, गोलू कुशवाहा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर के दौरान योगाभ्यास, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।