• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • 75 prominent business families from Noida will take the first flight from Lucknow to Noida International Airport, witnessing a historic moment.

लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान भरेंगे नोएडा के 75 बड़े कारोबारी परिवार, ऐतिहासिक पल के बनेंगे गवाह

व्यापारिक गतिविधियों की शुरुआत के लिए शुरू की जा रही पहल -सीआरसी ग्रुप की पहल, 15 जून को लखनऊ-नोएडा के बीच पहली कमर्शियल फ्लाइट से जुड़ेंगे उद्योग जगत के दिग्गज

लखनऊ- उत्तर प्रदेश के विकास इतिहास में 15 जून का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए संचालित होने वाली पहली कमर्शियल उड़ान में शामिल होने के लिए नोएडा के 75 प्रमुख कारोबारी परिवार रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे। ये सभी उद्योगपति और उद्यमी 15 जून की सुबह लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना होने वाली पहली ऐतिहासिक उड़ान के यात्री बनेंगे।

यह केवल एक विमान यात्रा नहीं, बल्कि उस सपने का उत्सव है जिसका इंतजार वर्षों से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र, उद्योग जगत, निवेशकों और लाखों घर खरीदारों को था। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर भारत के सबसे बड़े आर्थिक इंजन के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में निवेश, रोजगार, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और रियल एस्टेट क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस विशेष पहल का नेतृत्व सीआरसी ग्रुप ने किया है। कंपनी का कहना है कि यह यात्रा केवल एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत का जश्न है। इन 75 कारोबारी परिवारों में रियल एस्टेट, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख उद्योगपति शामिल हैं। इनका योगदान नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण माना जाता है।

सीआरसी ग्रुप के निदेशक (बिजनेस मैनेजमेंट एवं मार्केटिंग) सलिल कुमार ने कहा, “नोएडा की विकास गाथा तेजी से आगे बढ़ रही है और भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट इस शहर के मुकुट में एक नई चमक जोड़ने जा रहा है। हमें गर्व है कि नोएडा के 75 प्रमुख कारोबारी परिवार इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बन रहे हैं। यह उड़ान केवल लखनऊ से नोएडा तक की यात्रा नहीं, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास, निवेश और वैश्विक पहचान की नई उड़ान का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC), उद्योगों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की रुचि इस क्षेत्र में और बढ़ेगी। इससे निवेश, रोजगार, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी। लखनऊ पहुंचने के बाद अतिथियों के लिए विशेष स्वागत और नेटवर्किंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। इसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधि एयरपोर्ट से जुड़ी संभावनाओं, निवेश के नए अवसरों और क्षेत्रीय आर्थिक विकास पर चर्चा कर रहे हैं।

व्यापार जगत का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी खुलेंगे। 15 जून की सुबह जब लखनऊ से पहली कमर्शियल फ्लाइट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेगी, तब उसमें सवार ये 75 कारोबारी परिवार केवल यात्री नहीं होंगे, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास के एक नए अध्याय के प्रत्यक्ष साक्षी भी बनेंगे।