• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Two-day grand programme inaugurated on Baba Saheb Dr. Bhimrao Ambedkar Jayanti, songs of 'Jai Bhim' echoed in Gomti Nagar.

बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ, गोमती नगर में गूंजे ‘जय भीम’ के गीत |

लखनऊ। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आज गोमती नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक स्थल के मुख्य द्वार के सामने विधिवत शुभारंभ हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आज 13 अप्रैल की संध्या लगभग 6 बजे ‘जय भीम’ के जोशीले गीतों के साथ हुई। पूर्व संध्या पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध भीम गीत गायक राम निवास पासवान ने अपनी पूरी मंडली के साथ प्रस्तुति दी। उनके गीतों ने पूरे स्मारक स्थल को भीममय कर दिया और उपस्थित जनसमूह में जबरदस्त उत्साह भर दिया। कार्यक्रम स्थल ‘जय भीम’ के नारों और गीतों से गूंज उठा, जिससे एक प्रेरणादायक और भावनात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।

समिति के मुख्य  संयोजक अवधेश कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन 13 अप्रैल से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक लगातार दो दिनों तक चलेगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 अप्रैल को बाबा साहब के अनुयायियों के बीच लगभग 10 कुंतल भोजन, फल एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया जाएगा।

इससे पूर्व आयोजित बैठक में समिति के प्रमुख पदाधिकारियों—डॉ. राम सबद जैसवारा, आर.पी. केन, पीएम प्रभाकर, प्रेम चंद्र, लेखराम, बन्नी सिंह, नेकी राम, बिंदा प्रसाद, अजय कुमार आदर्श कोसल एवं धीरेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया और कार्यक्रम की जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया।

समिति ने प्रदेश के सभी आरक्षण समर्थकों एवं बाबा साहब के अनुयायियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करें और बाबा साहब को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।

यह आयोजन न केवल बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का भी एक सशक्त प्रयास है।