• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Allegation of blocking the drainage route in Dhannipur; villagers appeal to the Police Commissioner.

धन्नीपुर में जल निकासी मार्ग बंद करने का आरोप, ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार

वाराणसी। ग्राम पंचायत धन्नीपुर के ग्रामीणों ने वाराणसी पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि वार्ड संख्या 52 के पार्षद प्रतिनिधि शमीम नोमानी द्वारा गांव के वर्षों पुराने जल निकासी मार्ग को जबरन बंद कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार धन्नीपुर सहित आसपास की कई ग्राम पंचायतों का जल निकासी तंत्र वर्षों से निर्धारित मार्ग से होकर मुख्य नाले में मिलता रहा है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत धन्नीपुर के गठन से पहले भी यह व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही और आज तक इसी मार्ग से जल निकासी होती आई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 4 जुलाई 2026 की रात लगभग तीन बजे पार्षद प्रतिनिधि शमीम नोमानी कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचे और जल निकासी मार्ग के चैम्बर में बोरे व बालू भरकर रास्ता बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कदम व्यक्तिगत रंजिश तथा क्षेत्र का माहौल खराब करने की मंशा से उठाया गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि जल निकासी बाधित होने से गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे बच्चों के स्कूल आने-जाने, आम जनजीवन तथा स्वच्छता व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस घटना को लेकर ग्रामवासियों एवं आसपास के गांवों के लोगों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप कर जल निकासी मार्ग को तत्काल खुलवाने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि जल निकासी की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।