गलत ऑपरेशन से महिला की हालत गंभीर: सीएमओ से की गई जांच की मांग।
मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर/उत्तर प्रदेश। रामपुर के स्वार क्षेत्र से एक लाइफ लाइन हॉस्पिटल पर गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान बिना विशेषज्ञ डॉक्टर के ऑपरेशन किए जाने से महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे कई अस्पतालों में रेफर करना पड़ा। अब पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। रामपुर जनपद के स्वार क्षेत्र निवासी फईम नामक व्यक्ति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी भाभी समीना को 22 जुलाई 2026 को प्रसव पीड़ा होने पर स्वार स्थित एक लाइफ़ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित का कहना है कि अस्पताल संचालक और डॉक्टर नाज़िम और डॉक्टर शाइस्ता ने ऑपरेशन की सलाह दी और परिजनों को खून की व्यवस्था करने के लिए भेज दिया। आरोप है कि परिजनों की अनुपस्थिति में बिना किसी डिग्रीधारी विशेषज्ञ डॉक्टर के महिला का ऑपरेशन कर दिया गया। शिकायत के अनुसार ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और करीब 24 घंटे तक अस्पताल में इलाज चलता रहा, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर महिला को पहले काशीपुर के एक अस्पताल और बाद में मुरादाबाद के लाल सिंह अस्पताल ले जाया गया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि वहां के डॉक्टरों ने गलत ऑपरेशन के कारण मरीज की किडनी फेल होने, सेप्टिक संक्रमण और लीवर प्रभावित होने जैसी गंभीर समस्याएं बताईं। अब पीड़ित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामपुर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।