वाराणसी, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित मेडिकल सिमुलेशन केन्द्र में दो दिवसीय बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एवं एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट (एसीएलएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सा पेशेवरों की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी दक्षताओं को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जीवनरक्षक तकनीकों एवं आपातकालीन परिस्थितियों के प्रभावी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। मेडिकल सिमुलेशन केन्द्र के प्रभारी प्रो. राजेश मीणा ने बताया कि हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस के माध्यम से प्रतिभागियों को जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।