मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश/ मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठकर योगाभ्यास कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डीएम बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ चेयर योग करते दिखाई दे रहे हैं। इस पहल को कार्यस्थल पर तनाव कम करने और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास बताया जा रहा है।
हालांकि सोशल मीडिया पर इस पहल को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने इसे प्रशासन की सकारात्मक और नवाचारी पहल बताते हुए सराहा है, वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया है कि योग का वास्तविक उद्देश्य शरीर को सक्रिय और लचीला बनाना है, जिसके लिए मैदान या खुले स्थान पर नियमित योगाभ्यास अधिक प्रभावी माना जाता है।
जानकारी के अनुसार डीएम राजेंद्र पैंसिया ने अधिकारियों को कार्य के दौरान होने वाले तनाव से राहत दिलाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से यह अभ्यास कराया। प्रशासन का मानना है कि व्यस्त कार्यालयी कार्य के बीच कुछ मिनट का योग कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है।
वायरल वीडियो के बाद शहर में योग की इस नई शैली पर चर्चा तेज हो गई है। आमजन का कहना है कि यदि अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर नियमित योगाभ्यास करें तो समाज में और अधिक सकारात्मक संदेश जाएगा। फिलहाल डीएम की यह पहल सोशल मीडिया और जनचर्चाओं का विषय बनी हुई है।