नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर उन्हें परिवर्तनकारी नेतृत्व का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री मोदी ने 4,399 दिन का निरंतर कार्यकाल पूरा कर लोकतांत्रिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, पेयजल और खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा महिला सशक्तिकरण की विभिन्न पहलों को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल नवाचार, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और विनिर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही "विकास भी, विरासत भी" की सोच के तहत देश की सांस्कृतिक और सभ्यतागत धरोहरों के संरक्षण को भी नई गति मिली है।
उपराष्ट्रपति ने विशेष रूप से तमिल भाषा, संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में तमिलनाडु को विकास और सांस्कृतिक सम्मान दोनों क्षेत्रों में अभूतपूर्व लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व भारत को "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।