• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Rishi became the national champion in the 50 kg weight category and will represent India in the competition to be held in China from June 15 to 21.

50 किलोग्राम भार वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियन बने ऋषि, 15 से 21 जून तक चीन में होने वाली प्रतियोगिता में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

वाराणसी। महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी के होनहार मुक्केबाज़ ऋषि सिंह का चयन भारतीय सीनियर बॉक्सिंग टीम में हुआ है। ऋषि 15 से 21 जून तक चीन में आयोजित होने वाले सीनियर वर्ल्ड कप-2 में 50 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

ऋषि सिंह ने हाल ही में 50 किलोग्राम भार वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पूर्व वे अमेरिका में आयोजित यूथ वर्ल्ड कप में भी पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले ऋषि सिंह की सफलता संघर्ष, मेहनत और समर्पण की मिसाल है। उनके परिवार में दादा, दादी, बुआ और बड़ी बहन हैं। माता-पिता के साये के बिना भी ऋषि ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और कोच के मार्गदर्शन में स्वयं को निखारा तथा कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर वाराणसी और देश का नाम रोशन किया है।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बृजेश सिंह ने भी ऋषि सिंह को गोद लेने की घोषणा की थी।

ऋषि महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी के प्रशिक्षु हैं। उनके कोच दिलीप कुमार सिंह ने ऋषि की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश और वाराणसी के लिए गर्व का विषय है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रमोद कुमार ने भी खिलाड़ी एवं कोच को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

एकेडमी के मुख्य संरक्षक शशिकांत पांडेय ने ऋषि की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए खिलाड़ी और कोच दोनों को बधाई दी तथा उम्मीद व्यक्त की कि ऋषि चीन में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।