मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर भाजपा का सेवा और स्वच्छता अभियान

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक दिनों का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी महानगर वाराणसी ने बुधवार को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सेवा, स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया।

शहर उत्तरी, दक्षिणी और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, मंदिरों में पूजन-अर्चन, अस्पतालों एवं वृद्धाश्रमों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मलदहिया, शास्त्री घाट, नमो घाट और अस्सी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि विभिन्न चिकित्सालयों और वृद्धाश्रमों में मरीजों एवं बुजुर्गों को फल वितरित किए गए।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह ऐतिहासिक कार्यकाल सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।