मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
वाराणसी।सरदार पटेल धर्मशाला, वाराणसी में कलेक्ट्रेट माल विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ द्वारा एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने प्रदेश भर से आए प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रेस वार्ता में संघ द्वारा निम्न प्रमुख मांगें उठाई गईं— चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती पर लगे प्रतिबंध को समाप्त किया जाए तथा विशेष परिस्थितियों में न्यूनतम वेतन पर नियुक्ति की अनुमति दी जाए।
कलेक्ट्रेट नजारत में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 1900 ग्रेड पे दिया जाए, जैसा अन्य समकक्ष पदों को दिया जा रहा है। मृतक आश्रित नियमावली में संशोधन कर यह प्रावधान समाप्त किया जाए कि माल सेवा में मृत कर्मचारी के आश्रित की नियुक्ति केवल चतुर्थ श्रेणी में ही होगी। कलेक्ट्रेट में कार्यरत चौकीदार, माली, कुर्सी बुनकर एवं सफाई कर्मचारियों को वर्दी प्रदान करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
तहसीलों में कार्यरत कर्मचारियों को यात्रा भत्ता देने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा 8 किलोमीटर से अधिक दूरी पर यात्रा करने पर भत्ता दिया जाए। समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वाहन भत्ता उपलब्ध कराने के लिए एक समान नीति लागू की जाए। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक माह जिलाध्यक्ष/जिलामंत्री के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए जाएं। पेंशन से संबंधित कार्य मण्डल स्तर के बजाय जिला स्तर पर ही संपन्न किया जाए। पुरानी पेंशन योजना को पुनः बहाल किया जाए।प्रेस वार्ता के दौरान संघ के पदाधिकारियों का चयन भी किया गया। जिसमें अशोक कुमार सिंह (भदोही) को प्रांतीय अध्यक्ष, विजय कुमार यादव (वाराणसी) को कार्यकारी अध्यक्ष, अंगद (गोरखपुर) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संतोष कुमार पाठक (चंदौली) एवं याकूब (मुरादाबाद) को उपाध्यक्ष, नरेंद्र सिंह (हाथरस) को महामंत्री, वीरेंद्र सिंह (भदोही) को संयुक्त मंत्री प्रथम तथा अजय कुमार शुक्ला (भदोही) को संयुक्त मंत्री द्वितीय चुना गया। संघ ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।