लखनऊ। परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मानस एनक्लेव फेज-2, इंदिरा नगर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य कैंप रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें रीजेंसी हॉस्पिटल के सहयोग से सोसाइटी के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इस शिविर का आयोजन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिला प्रधान महासचिव एवं मानस एनक्लेव फेज-2 के अध्यक्ष अमोद सिंह के नेतृत्व में किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और आंखों की जांच सहित कई महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं मानस एनक्लेव फेज-2 सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे।