लखनऊ में एनसीसी कैडेट्स ने लिया 'टीबी मुक्त भारत' का संकल्प, मेगा सेमिनार का आयोजन

लखनऊ।* राष्ट्रीय स्वास्थ्य और जन कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 63 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ द्वारा 'टीबी मुक्त भारत' विषय पर एक विशाल जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। महानगर स्थित मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ ग्रुप के अंतर्गत आने वाली सभी बटालियनों के लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न बटालियनों के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) और परमानेंट इंस्ट्रक्टर (पीआई) स्टाफ ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई  *सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं युवा:  ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ एनसीसी ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव (वीएसएम) रहे। कैडेट्स को प्रेरित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा शक्ति समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। उन्होंने सामाजिक जागरूकता अभियानों में कैडेट्स की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए एक सरल गणित साझा किया। उन्होंने कहा, "यदि यहां मौजूद 200 कैडेट्स में से प्रत्येक कैडेट समाज के 5 लोगों या परिवारों को जागरूक करे, तो हम सीधे 1000 परिवारों तक पहुंच सकते हैं। इस तरह एक मजबूत श्रृंखला बनाकर हम भारत को पूरी तरह टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को सिद्ध कर सकते हैं  *"डिजिटल टूल और विशेषज्ञ* सलाह कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल ने अपनी मेडिकल टीम के साथ कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से डिजिटल माध्यम का उपयोग करने की अपील करते हुए मोबाइल में क्षय रोग से जुड़ा आधिकारिक सरकारी ऐप इंस्टॉल करने को कहा। उन्होंने बताया कि यह ऐप टीबी से निपटने और त्वरित स्वास्थ्य सहायता प्राप्त करने में बेहद मददगार साबित होगा। इस सत्र के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी देशव्यापी शपथ के तहत सभी 200 कैडेट्स ने अपने स्तर पर समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया  *स्मृति चिन्ह भेंट कर जताया आभार*  कार्यक्रम के दौरान 63 यूपी बटालियन एनसीसी लखनऊ के कमांडिंग ऑफिसर व नोडल अधिकारी कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने मुख्य वक्ता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल को उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए एक स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई थी, जहां विशिष्ट अतिथि मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जीनू अब्राहम ने मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव को एक पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया ह पूरा गरिमामयी कार्यक्रम कर्नल अनिल कुमार शर्मा के कुशल दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। वहीं, मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) मेजर राजन सिंह परिहार व सूबेदार मेजर अरविंद कुमार के नेतृत्व और सीधे पर्यवेक्षण में पूरे सेमिनार का सफल संचालन संपन्न हुआ।