प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दूसरे कार्यकाल के लिए कुलपति पद संभाला

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दूसरे कार्यकाल के लिए कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की 235 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने तथा संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया प्रो. शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी हित, शिक्षकों की नियुक्ति, लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। विद्यार्थियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान, मूलभूत सुविधाओं में सुधार और परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक व ज्ञान के समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने राजभवन के निर्देशों का अक्षरशः पालन, प्रशासन में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने की बात कही उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के कारण शिक्षकों की कमी को निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां कर दूर किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिवार से सामूहिक प्रयासों के जरिए संस्कृत विश्वविद्यालय को आधुनिक एवं प्रभावशाली वैश्विक ज्ञान-केन्द्र बनाने का आह्वान किया ज्ञातव्य है कि महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 17 अगस्त 2026 को प्रो. बिहारी लाल शर्मा को विश्वविद्यालय के 38वें कुलपति के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए नियुक्त किया था। इससे पूर्व उन्होंने 22 अगस्त 2023 को 37वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। शनिवार, 22 अगस्त 2026 को उन्होंने पुनः कार्यभार संभाला।