• Home
  • Uttar Pradesh
  • Agra
  • Annual festival of Kaushambeshwar Sankat Mochan Ashram kicks off with a grand Kalash Yatra.

भव्य कलश यात्रा के साथ कौशाम्बेश्वर संकट मोचन आश्रम के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ

कौशाम्बी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक कौशाम्बेश्वर संकट मोचन आश्रम में गुरुवार से वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर शिव महापुराण माहात्म्य कथा एवं गणेश महायज्ञ का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।

आमाकुआँ स्थित कौशाम्बेश्वर संकट मोचन आश्रम के वार्षिकोत्सव के अंतर्गत रिंकू टेंडर्स, विजया चौराहा से श्रद्धालुओं की विशाल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा गढ़वा स्थित बड़े हनुमान घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर आश्रम के लिए प्रस्थान किया। पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कलश यात्रा में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं सहित दो सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कौशाम्बी थाना पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

आश्रम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधानों के बीच शिव महापुराण माहात्म्य कथा तथा गणेश महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

आश्रम के आयोजक बाबा बुद्धन दास ने बताया कि यह वार्षिकोत्सव कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर कथा, यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करते हैं तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करते हैं।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में कथा, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।