रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर सामाजिक वानिकी प्रभाग, रामपुर रेंज द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रामपुर परिसर में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत "हरित उत्तर प्रदेश-समृद्ध उत्तर प्रदेश" अभियान के तहत "एक पेड़ माँ के नाम" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आम, आंवला, जामुन एवं अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डायट रामपुर के प्राचार्य अशोक कुमार, ग्रीन वर्ल्ड पर्यावरण फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती नीना साहनी, समाजसेवी जलील अहमद, प्रवक्ता बृजराज किशोर, श्रीमती तृप्ति, प्रधान सहायक जफर अतीक सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पौधरोपण किया।
इस दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी शिवशंकर यादव ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय रामपुर में नवजात शिशुओं की माताओं को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट एवं एक-एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रामपुर रेंज के धर्मेन्द्र कोली (उप क्षेत्रीय वनाधिकारी), टीएसओ कांडपाल, वन दरोगा अनिल कुमार, वन रक्षक राजीव कुमार एवं विक्रम सिंह दिवाकर सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।