बारिश में गरीब का आशियाना ढहा, मलबे में दबकर गोवंश की मौत*

परिवार दूसरी ओर सो रहा था, वरना हो सकता था बड़ा हादसा; भैंस गंभीर रूप से घायल_ 

 खखरेरू/फतेहपुर*  धाता विकासखंड के ग्राम सभा तेंदुआ में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही भारी बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दीं। सोमवार देर रात करीब दो बजे मिठाई लाल पुत्र राम सिंह का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे की चपेट में आने से एक गोवंश की दबकर मौत हो गई, जबकि पास बंधी भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई  घटना के समय मिठाई लाल और उसका परिवार मकान के दूसरे हिस्से में सो रहा था। इससे परिवार बाल-बाल बच गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का प्रयास किया। मलबे में गोवंश को मृत देखकर पीड़ित परिवार की आंखों से आंसू छलक पड़े ग्रामीणों के मुताबिक मिठाई लाल मेहनत-मजदूरी और पशुपालन के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। ऐसे में गोवंश की मौत और मकान ढहने से उसे दोहरा नुकसान हुआ है घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराया तथा घायल भैंस के इलाज की व्यवस्था कराई। साथ ही मौके पर हुए नुकसान का आकलन कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।