• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • A public awareness campaign will be launched regarding love jihad, illegal conversion and security of Hindu society.

लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण व हिंदू समाज की सुरक्षा को लेकर चलाया जाएगा जनजागरण अभियान।

वाराणसी। सनातन संस्कृति की रक्षा और हिंदू समाज के हितों के लिए कार्यरत विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने संगठन का विस्तार करते हुए विवेक चौबे को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व की संस्तुति पर उनकी संगठनात्मक क्षमता एवं सामाजिक सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष विवेक चौबे ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की सेवा का दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता हिंदू समाज को जागरूक करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण तथा हिंदू समाज की सुरक्षा और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर अभियान संचालित किए जाएंगे।

इस अवसर पर परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में चल रहे विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक अभियानों का भी उल्लेख किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में कृष्णा पाण्डेय, राजेश मौर्य, ओ.पी. कश्यप, प्रवीश पांडेय, अंकुर राय, शाहिद अख्तर, ओम प्रकाश, शुभम पटेल, प्रहलाद मौर्य, विकास, आयुष, दशरथ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।