मंडल बरेली। उत्तर प्रदेश बरेली में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बरेली में एक अमीन को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अमीन पर एक कार्य के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी अमीन को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।