छात्र के परिजनों पर स्कूल में घुसकर हमला और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
*खखरेरू/फतेहपुर* थाना क्षेत्र के श्री दिग्विजय सिंह इंटर कॉलेज, आलमपुर गेरिया में छात्र को स्कूल की बाउंड्री वॉल फांदने से रोकना शिक्षिका और प्रधानाचार्य को महंगा पड़ गया। शिक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने छात्र के परिजनों समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में शिक्षिका निधि शुक्ला ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे छात्र सुमित (पुत्र दिनेश पासवान) स्कूल की बाउंड्री वॉल कूद रहा था। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने छात्र को ऐसा करने से रोका और समझाइश देते हुए डांट दिया। आरोप है कि इसके बाद छात्र नाराज होकर घर चला गया।शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद छात्र अपने परिजनों दिनेश, रोहित, नान भैया, दीपक और चंद्रपाल के साथ विद्यालय पहुंचा और शिक्षिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। साथ ही जान से मारने और रास्ते से हटवा देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना पर खखरेरू थाना पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।