• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Two youths were caught red-handed stealing a tubewell cable; villagers handed them over to the police.

ट्यूबवेल की केबल चोरी करते दो युवक रंगे हाथों पकड़े गए, ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया

रामपुर। उत्तर प्रदेश/तहसील स्वार (रामपुर)। थाना स्वार क्षेत्र के ग्राम भगवत नगर में ट्यूबवेल की केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एफआईआर के अनुसार, ग्राम भगवत नगर निवासी विजयराज विनायक 10 जून 2026 को अपने रिश्तेदार मनदीप कश्यप के साथ खेत पर स्थित ट्यूबवेल देखने गए थे। इसी दौरान करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने दो युवकों को ट्यूबवेल के पास संदिग्ध अवस्था में देखा। दोनों युवक उन्हें देखकर भागने लगे, लेकिन शक होने पर ग्रामीणों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।


बताया गया कि आरोपियों के पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें ट्यूबवेल की कटी हुई केबल और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गौरव पुत्र विनोद निवासी ग्राम बरवाला, थाना किलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) तथा अमित पुत्र कल्लू निवासी ग्राम टांडा डॉलफिन, थाना किलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर बताए।

पीड़ित के अनुसार जब ट्यूबवेल की जांच की गई तो स्टार्टर तक जाने वाली केबल कटी हुई मिली। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद केबल और कट्टा भी अपने कब्जे में ले लिया।

थाना स्वार पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 317(2) के तहत मुकदमा संख्या 213/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।