"मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है" : अंजू जायसवाल
वाराणसी, सुंदरपुर स्थित धीरेन्द्र महिला पी.जी. कॉलेज में शुक्रवार को अभ्युदय नारी वंदन छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 के विजेता प्रतिभागियों के सम्मान में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्रवृत्ति परीक्षा में खुशी पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 51 हजार रुपये की छात्रवृत्ति हासिल की। वहीं अंजू तिवारी को द्वितीय स्थान के लिए 21 हजार रुपये तथा शताक्षी सिंह को तृतीय स्थान के लिए 11 हजार रुपये की धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा परीक्षा में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की चेयरपरसन अंजू जायसवाल ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति परीक्षा प्रतिभाओं को पहचानने और छात्राओं में आत्मविश्वास विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। यह पहल उन्हें शिक्षा और विकास के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा, "मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है।" जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना, निरंतर परिश्रम करना और स्वयं पर विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। यदि व्यक्ति अपनी मंजिल तक पहुंचने का दृढ़ संकल्प कर ले, तो उसके लिए रास्ते स्वयं बनते चले जाते हैं।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नलिनी मिश्रा ने भी विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी देश की बौद्धिक संपदा है, जिसके ज्ञान, विवेक और कौशल से भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रतिक्षा सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।