• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Grand Aarti of Goddess Chandraghanta Performed by Scholars from Kashi; Thousands of Devotees Gather

काशी के विद्वानों ने की मां चंद्रघंटा की भव्य आरती, उमड़े हजारों श्रद्धालु

दो घंटे तक चला आरती का सिलसिला, श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी रही व्यवस्था_ 

 *खखरेरू/फतेहपुर*  नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर चार जोधा सिंह नगर (सलवन) में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां भगवती के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। काशी से आए विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती संपन्न कराई। इस दौरान आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ देवी पंडाल में उमड़ पड़ी नवदुर्गा कमेटी की ओर से आयोजित इस विशेष आरती में काशी के विद्वानों ने पारंपरिक विधि-विधान से मां चंद्रघंटा की आराधना की। आयोजकों के अनुसार, आरती करने आए विद्वान काशी में गंगा आरती के आयोजन से भी जुड़े हैं। गंगा तट पर होने वाली भव्य आरती की तर्ज पर देवी पंडाल में आरती का आयोजन किया गया, जो करीब दो घंटे तक चलता रहा। आरती के दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के जयकारे लगाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की नवदुर्गा कमेटी के अध्यक्ष पवन मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक नवरात्र में काशी से विद्वानों को आमंत्रित कर मां भगवती की भव्य आरती कराई जाती है। आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के बैठने और प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। आरती के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना करते हुए कमेटी के सदस्यों के प्रति आभार जताया।