मिर्जापुर के अदलपुरा में उद्योग व्यापार मंडल की बैठक, प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर की थी शुल्क पर पुनर्विचार की मांग
मिर्जापुर। यूपीआई (UPI) भुगतान पर 15 अक्टूबर से लागू होने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क को स्थगित किए जाने के बाद उद्योग व्यापार मंडल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस फैसले को स्थायी रूप से लागू रखा जाए और व्यापारियों पर यह शुल्क दोबारा न लगाया जाए। इस मुद्दे को लेकर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मिर्जापुर के अदलपुरा में बैठक कर चर्चा की उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन पहले दिन से ही यूपीआई भुगतान पर एमडीआर शुल्क लगाने के प्रस्ताव का विरोध कर रहा था। संगठन की ओर से भारत सरकार से लगातार इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया जा रहा था। इस संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर भी शुल्क नहीं लगाने की मांग की गई थी। देशभर के व्यापारी भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे थे शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को स्थगित किया जाना व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस व्यवस्था को स्थगित ही रखा जाए, ताकि व्यापारियों और डिजिटल भुगतान करने वाले ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, वाराणसी के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन यादव, वाराणसी के मीडिया प्रभारी श्याम पांडेय, मिर्जापुर के जिला अध्यक्ष दीपक केसरी, मंडल पदाधिकारी आशीष गुप्ता, धनंजय सिंह और मुकेश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।