वाराणसी,। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस-2026 के तहत बनारस, ज्ञानपुर रोड सहित विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों और सेफ्टी काउंसलरों ने आमजन, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रेलवे फाटकों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक पार करने में सावधानी, फाटक बंद होने पर प्रतीक्षा करने, ईयरफोन का प्रयोग न करने तथा गेटमैन पर दबाव न बनाने संबंधी संदेश दिए गए। विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों, बाजारों, विद्यालयों और गांवों में 2050 पंपलेट, 1000 सुरक्षा बैग तथा 500 सुरक्षा डायरी वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त जांच एवं काउंसलिंग अभियान भी चलाया गया।