वाराणसी। स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के तत्वावधान में काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव की वर्ष 1954 से चली आ रही स्वर्ण-रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा 16 जुलाई, गुरुवार को सुबह 7 बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से निकलेगी। अध्यक्ष घनश्याम सेठ "बच्चा" ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शोभायात्रा में पुलिस घुड़सवार दल, ढोल-ताशा, बैंड, विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, डमरू दल, शहनाई वादन तथा फूलों से सुसज्जित रथ पर बाबा काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा मुख्य आकर्षण होगी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए काल भैरव मंदिर पहुंचेगी, जहां प्रतिमा की पुनः प्रतिष्ठापना, भव्य श्रृंगार एवं विशेष पूजा-अर्चना होगी। कमेटी ने श्रद्धालुओं एवं स्वर्ण व्यवसायियों से शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।