चिरईगांव ब्लॉक परिसर में गूंजी शहनाई, हिंदू-मुस्लिम सौहार्द की दिखी मिसाल।
चिरईगांव, वाराणसी, उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को चिरईगांव ब्लॉक परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 72 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कराया गया, जिसने सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह में एक दिव्यांग वधू विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भावुक माहौल के बीच उसने अपने जीवनसाथी के साथ नए जीवन की शुरुआत की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव या शारीरिक अक्षमता अब बेटियों के विवाह में बाधा नहीं बन रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। सरकार हर बेटी की सम्मानजनक विदाई के लिए प्रतिबद्ध है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में चिरईगांव ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार सिंह ‘चंचल सिंह’ ने सभी नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी ने की। वहीं समाज कल्याण अधिकारी शील भूषण त्रिपाठी के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग की टीम ने पंजीकरण से लेकर विवाह एवं विदाई तक की सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराया।
योजना के अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का सामान, जेवर एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर सामूहिक विवाह को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।