• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Grand community feast concludes the Shrimad Bhagwat Katha; 20,000 devotees partook of the *Mahaprasad*.

श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर विशाल भंडारा संपन्न, 20 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

वाराणसी। श्रीमद्भागवत कथा एवं वैदिक यज्ञ के समापन अवसर पर मंगलवार को आयोजित विशाल भंडारा श्रद्धा, सेवा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। भंडारे से पूर्व वैदिक परंपरा के अनुसार 51 कन्याओं का विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का कथा स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था और देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान का स्मरण करते हुए महाप्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया। श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे भंडारा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और भगवान की कृपा से श्रीमद्भागवत कथा एवं वैदिक यज्ञ का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।