दिल्ली के रोहिणी में 'स्पेशल 26' स्टाइल में फर्जी CBI रेड की कोशिश नाकाम, महिला की सूझबूझ से टला बड़ा फ्रॉड। दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक कारोबारी के घर पर फर्जी CBI छापेमारी की कोशिश सामने आई है, जो फिल्म 'स्पेशल 26' की तर्ज़ पर रची गई बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक, 8-10 लोगों का एक गिरोह खुद को CBI अधिकारी बताते हुए घर पहुंचा और तलाशी लेने का दावा किया, लेकिन उचित अधिकार-पत्र या पहचान दिखाए बिना अंदर घुसने की कोशिश की। कारोबारी की पत्नी ने दबाव और धमकियों के बावजूद गेट खोलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद संदिग्ध फर्जी अधिकारी करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर ही खड़े रहे। इस बीच पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए और गिरोह से सर्च वारंट व अधिकार-पत्र की कॉपी मांगी। जब दस्तावेज़ मांगा गया तो आरोपियों ने कहा कि वह उनकी गाड़ी में रखा है, और यह कहकर लाने के बहाने वहां से फरार हो गए। परिवार ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल की, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिकायत के अनुसार, संदिग्ध लोग CBI के प्रतीक चिन्ह वाले कपड़े पहने हुए थे और खुद को CBI अधिकारी बताने वाले पहचान पत्र भी साथ लेकर आए थे सबसे चौंकाने वाली बात घटना के बाद शिकायतकर्ता के पिता को व्हाट्सऐप पर एक नोटिस भेजा गया, जिस पर कथित तौर पर CBI डायरेक्टर का नाम और हस्ताक्षर था। हालांकि यह मैसेज बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन परिवार ने पहले ही उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था, जो अब शिकायत के साथ पुलिस को सौंपा गया है। परिवार का आरोप है कि यह नोटिस फर्जी था और पूरी कार्रवाई को असली CBI ऑपरेशन जैसा दिखाने के लिए गढ़ा गया था। पूरी घटना घर के पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।