रामपुर। शहर में अदब और शायरी को समर्पित ऑल इंडिया मुशायरा ‘याद-ए-ताहिर फ़राज’ का आयोजन आगामी 18 अप्रैल 2026 को किला मैदान, रामपुर में किया जाएगा। इस भव्य मुशायरे की जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजनकर्ता फैसल खान लाला ने बताया कि यह मुशायरा तालीम तरबियत वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मशहूर शायर ताहिर फ़राज की याद में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से नामचीन शायर और कवि हिस्सा लेंगे।
फैसल लाला ने बताया कि रामपुर हमेशा से अदब और शायरी की सरजमीं रहा है और इस आयोजन के जरिए रामपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शायरी की महफिल को सफल बनाएं।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शायरी प्रेमियों के लिए बेहतरीन इंतजाम किए जाएंगे और यह मुशायरा रामपुर के इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगा।