रामपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हमीद इंटर कॉलेज के आसपास नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानों के आगे बनाए गए पक्के चबूतरों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और राहगीरों को आने-जाने में सुविधा मिल सके। नगर पालिका की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों ने दुकानों के सामने बने पक्के चबूतरों को हटाकर सार्वजनिक मार्ग को खाली कराया। कार्रवाई के समय मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए चलाया जा रहा है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका की इस कार्रवाई की सराहना भी की। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।