• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Focus on Enhancing Program Quality and Increasing Listenership at All India Radio (AIR), Varanasi

आकाशवाणी वाराणसी के कार्यक्रमों में गुणवत्ता और श्रोता संख्या बढ़ाने पर जोर

वाराणसी, 15 अक्टूबर। आकाशवाणी महानिदेशालय, नई दिल्ली के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने गुरुवार को आकाशवाणी वाराणसी केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रमों की गुणवत्ता में सुधार, श्रोताओं की संख्या बढ़ाने, राजस्व संवर्धन और प्रसारण सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया केंद्र पहुंचने पर क्लस्टर प्रमुख-सह-केंद्राध्यक्ष एवं उपमहानिदेशक राहुल सिंह ने स्मृति-चिह्न भेंट कर तथा कार्यक्रम प्रमुख प्रफुल्ल सिन्हा ने अंगवस्त्र पहनाकर महानिदेशक का स्वागत किया समीक्षा बैठक में राजीव कुमार जैन ने काशी की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप कार्यक्रमों के निर्माण एवं प्रसारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी के कार्यक्रमों के माध्यम से समसामयिक विषयों की जानकारी जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे श्रोताओं को उपयोगी एवं प्रासंगिक जानकारी मिलेगी और आकाशवाणी के साथ उनका जुड़ाव भी मजबूत होगा बैठक में प्रसारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, अधिकाधिक श्रोताओं तक पहुंच बनाने और राजस्व वृद्धि के लिए उपलब्ध संभावनाओं का बेहतर उपयोग करने पर भी चर्चा हुई। केंद्र के विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों के साथ प्रसारण सेवाओं को अधिक प्रभावशाली, गुणवत्तापूर्ण और जनोपयोगी बनाने के उपायों की समीक्षा की गई इस अवसर पर महानिदेशक ने आकाशवाणी परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिवेश के विकास और प्रकृति के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया महानिदेशक का यह दौरा आकाशवाणी वाराणसी की प्रसारण सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी बनाने तथा श्रोताओं के साथ जुड़ाव मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा कार्यक्रम में सहायक निदेशक अभियांत्रिकी सुधीर कुमार राय, सहायक अभियंता अरुण सिंह, अरुण मिश्रा, कार्यक्रम अधिशासी दिलीप यादव, चंदन सिंह, आशुतोष कुमार, आलोक कुमार, आकांक्षा सिंह सहित केंद्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।