वाराणसी, आगामी मानसून-2026 के मद्देनजर बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न बाढ़ संभावित जनपदों में संयुक्त मॉक अभ्यास आयोजित किया। उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास में गोरखपुर, महराजगंज, लखनऊ, उन्नाव, गाजीपुर और वाराणसी में डूबने की घटना, नौका पलटने तथा बाढ़ में फंसे लोगों के बचाव जैसे परिदृश्यों पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य एजेंसियों की सहभागिता से आयोजित इस अभ्यास में आधुनिक बचाव उपकरणों और आपदा प्रतिक्रिया तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। डीआईजी मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि एनडीआरएफ किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा यह अभ्यास विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा।