• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Varanasi: With the wish for world peace, 'Shri Kashi Seva Sansthanam' was inaugurated and a pledge was taken for selfless service.

वाराणसी | विश्व शांति की कामना के साथ ‘श्री काशी सेवा संस्थानम’ का शुभारंभ, नि:स्वार्थ सेवा का लिया संकल्प।

धर्मनगरी वाराणसी में सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘श्री काशी सेवा संस्थानम’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सारनाथ स्थित बाबा सारंगनाथ महादेव मंदिर में “महा रुद्राभिषेक” का आयोजन कर विश्व शांति की कामना की गई।

संस्थान के अध्यक्ष राजेश सेठ ने अपने संबोधन में समाज में बढ़ती उस प्रवृत्ति पर चिंता जताई, जिसमें बुजुर्ग माता-पिता को उपेक्षा और अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बच्चे, जिन्हें माता-पिता ने कठिन परिस्थितियों में पाल-पोस कर योग्य बनाया, वही बड़े होकर उन्हें सहारे की आवश्यकता के समय अकेला छोड़ देते हैं या उनका सम्मान नहीं करते।

उन्होंने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में ‘श्री काशी सेवा संस्थानम’ बुजुर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान करेगा। साथ ही, निराश्रित बुजुर्गों के भोजन, उपचार, देखभाल और भविष्य में नि:शुल्क आश्रय की व्यवस्था भी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संस्थान उनके अंतिम संस्कार का दायित्व भी निभाएगा।

संस्थान के कोषाध्यक्ष किशोर सेठ (पूर्व पार्षद) ने संस्थान के अन्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था गरीब बच्चों की शिक्षा, बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु नि:शुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण, ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा, योग के माध्यम से उपचार, गरीबों की चिकित्सा सहायता और गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग जैसे कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही भविष्य में नि:शुल्क निराश्रित वृद्धाश्रम संचालित करने की भी योजना है।

संस्थान के सचिव संतोष रावत ने बताया कि शुभारंभ के अवसर पर आयोजित “महा रुद्राभिषेक” के माध्यम से भगवान महादेव से यह प्रार्थना की गई कि संस्थान के सभी सदस्य सेवा कार्यों में सदैव तत्पर रहें और समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता कर सकें। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सिंह, मनीष चौरसिया, मनीष मिश्रा, विधिक सलाहकार शमशेर अली, सत्येंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि ‘श्री काशी सेवा संस्थानम’ को काशी के पत्रकारों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं धर्मार्थ व्यक्तियों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। यह संस्थान काशी से सेवा और सामाजिक समर्पण का सकारात्मक संदेश पूरे देश में प्रसारित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।