वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के योग साधना केंद्र में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम-प्रचार अभियान” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना राष्ट्र निर्माण अधूरा है और यह अधिनियम उन्हें सशक्त बनाने की ऐतिहासिक पहल है।
मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश सिंह ने नारी शिक्षा व आत्मनिर्भरता को समाज की मजबूती का आधार बताया, जबकि विशिष्ट अतिथि डॉ. नीलम गुप्ता ने परिवार के सहयोग को नारी सशक्तिकरण की कुंजी बताया। नोडल अधिकारी प्रो. विद्या कुमारी ने अभियान को सामाजिक चेतना का प्रतीक बताते हुए इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।