मुरादाबाद पुलिस हुई हाईटेक, अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का उद्घाटन

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश/ मुरादाबाद पुलिस अब पूरी तरह डिजिटल और हाईटेक व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में कचहरी परिसर स्थित पुलिस क्लब में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भव्य उद्घाटन किया गया।

नव स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष के माध्यम से पुलिस अधिकारी शासन और उच्चाधिकारियों के साथ सीधे ऑनलाइन संवाद स्थापित कर सकेंगे। इससे बैठकों, समीक्षा कार्यों तथा कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों के आदान-प्रदान में समय की बचत होगी और कार्यों में अधिक पारदर्शिता एवं दक्षता आएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग को देखते हुए यह पहल विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह कक्ष भविष्य में विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस संबंधी गतिविधियों के संचालन में अहम भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सकेगा।