रामपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन मार्केट के पीछे मिस्टर गंज स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ महाराज की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। इसके पश्चात भगवान जगन्नाथ की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
आरती के बाद भगवान श्री जगन्नाथ महाराज को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं ने जयघोष के बीच रथ की रस्सी खींचकर रथ यात्रा का शुभारंभ किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए भगवान जगन्नाथ का गुणगान करते चले। भजन गायक अंकित रस्तोगी ने भगवान जगन्नाथ के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया तथा माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सौरभ शर्मा ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर राज मार्ग, नवीन मार्केट, मिस्टर गंज, छूने वाली गली सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला तथा पूरा क्षेत्र "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गूंज उठा।